दुर्ग

नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
30-Apr-2026 3:21 PM
नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 30 अप्रैल। नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और बीएसपी में नौकरी लगवाने का प्रलोभन देकर चार लोगों से कुल 16 लाख 15 हजार रुपये ठग लिए।

पुलिस के अनुसार तितुरडीह निवासी उपासना देशमुख ने 28 अप्रैल को थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सातुम सेम्युल गुज्जर उर्फ आदी नामक व्यक्ति ने उसे और अन्य लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने विश्वास दिलाने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर पीडि़तों को सौंपे और उनसे बड़ी रकम वसूल ली।

मामले में पुलिस ने धारा 420, 467, 468 और 471 भादवि के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान कर 29 अप्रैल को उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। आरोपी की उम्र 34 वर्ष बताई जा रही है और वह हुडको भिलाई का निवासी है।

जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न स्थानों जैसे इंडियन कॉफी हाउस सेक्टर-9 भिलाई, हुडको क्षेत्र और रायपुर मंत्रालय के आसपास लोगों को नौकरी का झांसा देता था। पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी जॉइनिंग लेटर, कूटरचित दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित पीडि़तों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।


अन्य पोस्ट