दुर्ग

पत्थर से कुचलकर हत्या, महिला व नाबालिग गिरफ्तार
29-Apr-2026 4:53 PM
पत्थर से कुचलकर हत्या, महिला व नाबालिग गिरफ्तार

 पुरानी रंजिश के चलते दिया अंजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 अप्रैल। अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को सफलता मिली है। पुरानी रंजिश एवं विवाद के कारण पत्थर से कुचलकर हत्या कर देने वाले मामले में पुलिस ने अपचारी बालक एवं साक्ष्य छुपाने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 

पुलिस ने बताया कि 26 अप्रैल को प्रार्थी महेंद्र कुमार निषाद निवासी ग्राम करहीडीह चौकी जेवरा सिरसा द्वारा सूचना दी गई थी कि रामनारायण निषाद उर्फ नारायण निषाद का शव ग्राम करहीडीह स्थित दुर्गा मंच के पीछे खेत में संदिग्ध अवस्था में मिला है, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान है।

 सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। हत्या की पुष्टि होने पर चौकी जेवरा सिरसा में धारा 103 (1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया गया था।

विवेचना के दौरान घटना स्थल निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर की सूचना एवं पूछताछ के आधार पर 16 वर्षीय अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के कारण मृतक की हत्या करना स्वीकार किया। मृतक द्वारा पूर्व में विवाद के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराए जाने से आरोपी रंजिश रखता था। 25 अप्रैल की रात मृतक के नशे की स्थिति में होने का फायदा उठाकर आरोपियों द्वारा मारपीट करते हुए गमछे से पैर बांधकर घसीटते हुए ले जाकर पत्थरों से कुचला और उसकी हत्या कर दी।

विवेचना के दौरान यह भी पाया गया कि सावित्री निषाद (40 वर्ष) निवासी करहीडीह द्वारा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से खून से सने कपड़े एवं जूते जलाए गए, जिसके आधार पर महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

 हत्या में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश में टीम लगी हुई है। इस मामले में पुलिस ने अपचारी बालक एवं सावित्री निषाद 40 वर्ष निवासी करहीडीह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

 इस कार्रवाई में चौकी जेवरा सिरसा पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। विवेचना एवं आरोपियों की पतासाजी में चौकी प्रभारी खगेंद्र पठारे, विवेचना अधिकारी एवं स्टाफ द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई थी।


अन्य पोस्ट