दुर्ग

चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत
28-Apr-2026 4:00 PM
चाकू से हमला, इलाज  के दौरान मौत

दुर्ग, 28 अप्रैल। खुर्सीपार थाना अंतर्गत हत्या की दूसरी वारदात सामने आई है। शनिवार रात दो दोस्तों ने युवक के साथ मारपीट करने वाले आरोपी को टोक दिया। इससे गुस्साए आरोपी ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। इलाज के दौरान सोमवार को एक युवक की मौत हो गई। दूसरे का इलाज जारी है। हालांकि पुलिस ने घटना के बाद आरोपी को हत्या के प्रयास में गिरफ्तार कर लिया था।

थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि घटना खुर्सीपार थाना क्षेत्र के बालाजी नगर का है। 25 अप्रैल की रात करीब 9.30 रजत कुशवाहा अपने दोस्त सुनील को बाइक से घर छोडऩे जा रहा था। दोनों गांधी विद्यालय के पास पहुंचे थे, तभी उन्होंने देखा कि गोलू सिंह एक लडक़े को बैट से मार रहा है। रजत और सुनील ने बीच-बचाव करते हुए उसे रोकने की कोशिश की। इसी बात पर आरोपी भडक़ गया और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने चाकू निकाल लिया और दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रजत के पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि सुनील के सीने, पेट और पीठ पर वार किए गए।

घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल सुपेला के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगडऩे पर दोनों को रामनगर स्थित स्पर्श अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को रजत ने दम तोड़ दिया। वहीं, सुनील का इलाज जारी है। चाकूबाजी की घटना सामने आने के बाद ही पुलिस ने आरोपी गोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अब रजत की मौत के बाद पुलिस मामले में हत्या की धारा जोडऩे की कार्रवाई कर रही है।


अन्य पोस्ट