दुर्ग

गत्ते की फैक्ट्री समेत चार जगहों पर लगी आग
28-Apr-2026 3:59 PM
गत्ते की फैक्ट्री समेत चार जगहों पर लगी आग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुम्हारी/दुर्ग, 28 अप्रैल। जिले में बीती रात अलग-अलग चार स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि की कोई सूचना नहीं है।

अग्निशमन और आपातकालीन सेवा के अनुसार रात करीब 1.35 बजे के आसपास अलग-अलग स्थानों से आग लगने की सूचना प्राप्त होने लगी। पहली घटना जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम बासिन में हुई, जहां एक ट्रक में आग लग गई। ट्रक से उठती आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

दूसरी घटना कुटुंब न्यायालय के पास की है, जहां एक पेड़ में अचानक आग लग गई। आग धीरे-धीरे बढ़ रही थी, लेकिन समय रहते दमकल कर्मियों ने पहुंचकर उसे बुझा दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में फैलने का खतरा टल गया। तीसरी और सबसे बड़ी घटना कुम्हारी इलाके में सामने आई है, जहां कागज के पु_ों से भरे एक गोदाम में आग लग गई। कागज होने की वजह से आग तेजी से फैल रही थी और धुआं भी काफी उठ रहा था। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगातार पानी डालकर आग को काबू में किया।

इस दौरान काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन टीम ने हालात संभाल लिए। इसके अलावा जिले में कुछ जगहों पर बिजली ट्रांसफार्मरों में भी आग लगने की जानकारी मिली। इन घटनाओं में भी दमकल टीम ने तुरंत पहुंचकर आग बुझाई, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। अग्निशमन विभाग के अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि सभी जगहों पर सूचना मिलते ही दमकल वाहनों को तुरंत रवाना किया गया। टीम के सदस्य मौके पर पहुंचते ही सक्रिय हो गए और मिलकर आग पर काबू पाया।

 फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। समय पर कार्रवाई होने की वजह से कोई बड़ी जनहानि या बड़ा हादसा नहीं हुआ।


अन्य पोस्ट