दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 अप्रैल। थाना मोहन नगर अंतर्गत तितुरडीह से ग्राम मडिय़ापार थाना बोरी बस में गई बारात लौटते समय हादसे का शिकार हो गई। रविवार की देर रात को लौटते समय बस अनियंत्रित हो गई और रोड से नीचे उतरकर पलट गई। इससे लगभग 19 लोग घायल हो गए, जिसमें एक बुजुर्ग और एक बच्चे की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया है। अन्य घायलों को जिला अस्पताल दुर्ग लाकर भर्ती किया गया है जहां सभी का इलाज जारी है।
बोरी थाना पुलिस ने बताया कि दुर्ग तितुरडीह से ग्राम मडिय़ापार में बारात आई हुई थी। रविवार की रात लगभग 11.30 बजे बाराती खाना खाकर वापस दुर्ग आने के लिए बस से निकले थे। ग्राम मडिय़ापार के पास अचानक बस सीजी 08 एवी 4100 अनियंत्रित होकर रोड से नीचे कच्चे रास्ते पर उतर गई और पलट गई। इससे बस में बैठे लोगों में चीख पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह घायलों को बस से बाहर निकाला। इस घटना में लगभग 19 लोग घायल हो गए हैं, जिसमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि बस दादा ब्रदर्स ट्रवल्स राजनंदगांव की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में तामेश्वर यादव 59 वर्ष निवासी मोहन नगर, टीलाराम 59 वर्ष ग्राम कोडिय़ा, दलविंदर यादव 15 वर्ष ग्राम सेमरिया लिटिया नंदिनी नगर, राम गरीब यादव 82 वर्ष, दुलार यादव 60 वर्ष निवासी ग्राम कोडिय़ा ,मोहित यादव 40 वर्ष जयंती नगर सिकोला बस्ती, रवि यादव तितुरडीह, नीलमणि यादव 30 वर्ष गांधी चौक तितुरडीह, प्रकाश यादव 35 वर्ष तितुरडीह, जगत यादव 60 वर्ष तितुरडीह, गोपी यादव 28 वर्ष बड़े आंवटी भिलाई तीन, देवेंद्र यादव ग्राम कोडिय़ा, बालेश्वर यादव 15 वर्ष नंदिनी नगर, कुलदीप यादव 9 वर्ष तितुरडीह, यंश यादव 10 वर्ष निवासी ग्राम सेमरिया, इशांत यादव 10 वर्ष तितुरडीह, भोमेश यादव 12 वर्ष अमोरा थाना बोरी है।
जिला अस्पताल पहुँचे मंत्री, घायलों सेे मुलाकात की
रविवार देर रात बारात से वापस लौटते समय हुई बस दुर्घटना में घायल दुर्ग के तितुरडीह क्षेत्र के नागरिकों से मिलने प्रदेश के केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव जिला अस्पताल पहुँचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती सभी घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उपचार की जानकारी लिए। मंत्री श्री यादव ने घायलों को हर संभव बेहतर इलाज उपलब्ध कराने भरोसा देते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीडि़त परिवारों के साथ खड़ी है और जरूरत पडऩे पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


