दुर्ग

नपा कुम्हारी सामान्य सभा महिला आरक्षण विधेयक संकल्प प्रस्ताव पर चर्चा, समर्थन में रैली निकाली
27-Apr-2026 4:05 PM
नपा कुम्हारी सामान्य सभा  महिला आरक्षण विधेयक संकल्प प्रस्ताव  पर चर्चा, समर्थन में रैली निकाली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुम्हारी, 27 अप्रैल। नगर पालिका परिषद कुम्हारी में गुरुवार को विशेष सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें नारी शक्ति वंदन विधेयक (महिला आरक्षण विधेयक) से संबंधित संकल्प प्रस्ताव पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा ने की। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मीना वर्मा ने कहा कि यह विधेयक लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित करने से जुड़ा है, जिससे निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ेगी। बैठक में प्रस्तुत प्रस्ताव को सत्ता पक्ष के पार्षदों के समर्थन से पारित किया गया।

बैठक के दौरान विपक्षी पार्षदों ने कुछ स्थानीय मुद्दों को उठाया। पार्षद श्रीमती जानकी ध्रुव ने कहा कि स्थानीय स्तर पर कुछ योजनाओं के क्रियान्वयन में समस्याएं आ रही हैं। पार्षद ओमनारायण वर्मा, उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत और पार्षद लेखराम साहू ने भी विभिन्न बिंदुओं पर सवाल रखे।

इन मुद्दों पर पूर्व पार्षद राजू निषाद और पार्षद लोकेश साहू ने अपनी प्रतिक्रिया दी। पार्षद अनुराग गुप्ता ने योजनाओं के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया। वहीं पार्षद यूजेन्द्र साहू ने कहा कि उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिला। इस पर अध्यक्ष मीना वर्मा ने कहा कि बैठक का विषय महिला आरक्षण विधेयक था और समय की सीमा के भीतर सभी को बोलने का अवसर दिया गया।

बैठक में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती तृप्ति चंद्राकर ने कहा कि इस विषय पर सभी को पूरी जानकारी के साथ अपने विचार रखने चाहिए।

बैठक के बाद अध्यक्ष मीना वर्मा, तृप्ति चंद्राकर और अन्य जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में महिला आरक्षण विधेयक के समर्थन में रैली निकाली गई, जिसमें महिला पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


अन्य पोस्ट