दुर्ग

22 मिनट में जीवन की दौड़: ट्रैफिक पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर बुजुर्ग मरीज को पहुंचाया रायपुर
26-Apr-2026 3:59 PM
22 मिनट में जीवन की दौड़: ट्रैफिक पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर बुजुर्ग मरीज को पहुंचाया रायपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 26 अप्रैल।
यातायात पुलिस दुर्ग ने एक बार फिर मानवीय पुलिसिंग का उदाहरण पेश करते हुए गंभीर मरीज को समय पर उपचार दिलाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर महज 22 मिनट में एम्बुलेंस को कुम्हारी टोल तक सुरक्षित पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, नंदिनी रोड भिलाई निवासी 82 वर्षीय उत्तमचंद साहू की हालत गंभीर होने पर उन्हें बी.एम. शाह हॉस्पिटल से रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रेफर किया गया था। मरीज की नाजुक स्थिति को देखते हुए तत्काल विशेष यातायात व्यवस्था बनाई गई।

यातायात पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने बी.एम. शाह हॉस्पिटल से कुम्हारी टोल प्लाजा तक पूरे मार्ग को पूरी तरह क्लियर कर दिया। भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से तैनात जवानों ने ट्रैफिक को नियंत्रित करते हुए एम्बुलेंस को बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ाया।

इस समन्वित प्रयास का परिणाम रहा कि एम्बुलेंस महज 22 मिनट में कुम्हारी टोल पहुंच गई, जहां से आगे की जिम्मेदारी रायपुर हाईवे पेट्रोलिंग को सौंप दी गई। पूरी प्रक्रिया के दौरान यातायात व्यवस्था सामान्य और सुरक्षित बनी रही।
इस कार्यवाही में हाईवे पेट्रोलिंग-02 और यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारियों व जवानों ने त्वरित समन्वय, सजगता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया, जिसकी सराहना की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ग्रीन कॉरिडोर के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और एम्बुलेंस सहित आपात वाहनों को प्राथमिकता दें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर इलाज मिल सके।


अन्य पोस्ट