दुर्ग

सोमनाथ मूल ज्योतिर्लिंग का दर्शन करने उमड़े श्रद्धालु
25-Apr-2026 3:54 PM
सोमनाथ मूल ज्योतिर्लिंग का दर्शन करने उमड़े श्रद्धालु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 25 अप्रैल। सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के गुरुवार शाम दुर्ग आगमन पर शहर भगवान शिव के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। महेश कालोनी में मूल ज्योतिर्लिंग के अंश का रुद्राभिषेक किया गया। साथ ही शिव के भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। सोमनाथ मूल ज्योतिर्लिंग अंश का एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। ज्योतिर्लिंग के शहर आगमन पर पुलगांव में स्वागत किया गया।

 पश्चात वहीं से बाजे-गाजे के साथ महेश कालोनी तक शोभा यात्रा निकाली गई। कालोनी में श्री राधाकृष्ण मंदिर के पास बेंगलुरु से आए स्वामी प्रणवानंद की उपस्थिति में रुद्राभिषेक किया गया। स्वामी ने इस अवसर पर कहा कि ज्योतिर्लिंग का छत्तीसगढ़ के शहरों में पूजन-दर्शन चल रहा है। इससे दुर्ग सहित पूरे प्रदेश में आध्यात्मिक उन्नति होगी।

इस अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल, पूर्व विधायक अरूण वोरा और राजनांदगांव के पूर्व महापौर नरेश डाकलिया, चतुर्भुज राठी, नरसिंह भूतड़ा, आर्ट ऑफ लिविंग के अपेक्स सदस्य नरेंद्र राठी, संस्था के सीनियर टीचर प्रभात कुमार, हरजीत सहोता, शैलजा चंद्राकर, अरूण हाडोले, विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा मंदिरों के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर समस्त श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। आर्ट ऑफ लिविंग प्रशिक्षकों के राज्य समन्वयक अमन बेलचंदन ने कार्यक्रम की सफलता पर आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट