दुर्ग
छोड़ा आत्महत्या नोट, कई लोगों के लिखे नाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 अप्रैल। वार्ड 55 पुलगांव निवासी मोतीलाल जैन (55 वर्ष) ने गुरुवार की रात को चूहा मारने की दवा खाकर जान देने की कोशिश की। उसे तुरंत पुलिस की मदद से जिला अस्पताल लाकर भर्ती किया गया। पुलगांव पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोतीलाल जैन के बेटे नितेश के साथ कुछ लोगों ने लाखों रुपए की धोखाधड़ी की है।
जब मोतीलाल ने उन लोगों से रकम वापस मांगी तो लोगों ने रकम वापस देने से मना कर दिया। इससे परेशान होकर मोतीलाल ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। इस दौरान मोतीलाल ने एक सुसाइडल नोट भी छोड़ा है जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। पुलिस ने बताया कि सुसाइडल नोट में किसी शाहिद खान, सोनू उडिय़ा, जॉन, राहुल नड्डा, अमजद अली, अवधेश गुप्ता का नाम लिखा है एवं सभी के मोबाइल नंबर लिखे हैं जिन्होंने बहला फुसला कर मोतीलाल के बेटे नीतेश को बालासोर ले गए और उसके चार लाख रुपए भी चोरी कर लिए। कई बार फोन लगा कर रकम वापस मांगी गई परंतु पैसा वापस नहीं मिला। इस कारण वह आत्महत्या कर रहा है। जो लोग फ्रॉड किए हैं उन्हें सजा हो और जमानत न मिले वहीं उसके परिवार पर कोई तकलीफ न आए।
इसी तरह मौखिक बयान में मोतीलाल ने पुलिस को बताया कि महादेव सट्टा के नाम से कुछ लोग उसके बेटे को बेवकूफ बनाकर लाखों रुपए ले लिए थे। किसी शाहिद खान नाम के व्यक्ति ने बेवकूफ बनाकर जमीन के लेनदेन में धोखाधड़ी की। वहीं अमजद अली नाम के व्यक्ति ने साढ़े 6 लाख रुपए अपने परिवार के नाम से लेकर उन्हें बेवकूफ बनाया। परेशान होकर वह चूहा मारने की दवा खाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


