दुर्ग

मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 को, 38 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
24-Apr-2026 8:59 PM
मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 को, 38 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

 दुर्ग  में 123 केंद्र सुबह 9.30 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल (रविवार) को किया जाएगा। इस परीक्षा में कुल 38 हजार 937 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिसके लिए दुर्ग जिले में 123 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

ज्ञात हो कि परीक्षा का समय सुबह 10 से दोपहर 12.15 बजे तक रहेगा। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन कर लें और परीक्षा के दिन कम से कम 2 घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचें।परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9.30 बजे बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रवेश से पूर्व फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र का सत्यापन और सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी।
ड्रेस कोड और नियम सख्त
परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, नीले, हरे, जामुनी, मैरून और चॉकलेटी रंग के कपड़े पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी।धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय देकर विशेष जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना भी वर्जित रहेगा।
इन वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध
परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या सामग्री ले जाना सख्त मना है। अभ्यर्थी केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन साथ ला सकते हैं।
अनुचित साधनों पर सख्ती
परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए जाने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी तत्काल निरस्त कर दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से नियमों का पालन कर परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।


अन्य पोस्ट