दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 23 अप्रैल। सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तेज गति और लापरवाही से वाहन चला कर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने निजी वाहन में अवैध रूप से 'पुलिस' मोनो और बोर्ड लगाकर लोगों पर प्रभाव जमाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चौकी स्मृति नगर क्षेत्र अंतर्गत जुनवानी चौक के पास एक काले रंग की थार वाहन को तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से चलाने की सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन को रोक कर जांच की।
जांच में पाया गया कि चालक ने वाहन पर अवैध रूप से पुलिस लिखा हुआ मोनो एवं बोर्ड लगाया हुआ था, जिससे आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। साथ ही वह तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
पुलिस ने आरोपी समीर वर्मा (23 वर्ष) निवासी आर्य नगर कोहका को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 281 बीएनएस एवं धारा 184 मोटर वाहन अधिनियम में मामला दर्ज किया है। घटना में प्रयुक्त सीजी 07 सीपी 8800 नंबर की ब्लैक थार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का कृत्य आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा था, साथ ही पुलिस चिन्ह का दुरुपयोग कर प्रभाव स्थापित करने का प्रयास भी किया जा रहा था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।


