दुर्ग

बर्थडे पार्टी में शराब को लेकर विवाद, बीयर बोतल से हमला, दो गिरफ्तार, एक फरार
23-Apr-2026 7:07 PM
बर्थडे पार्टी में शराब को लेकर विवाद, बीयर बोतल से हमला, दो  गिरफ्तार, एक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 23 अप्रैल। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि 20 अप्रैल को प्रार्थी अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-7 मार्केट के पास मैदान में जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान आरोपीगण वहां पहुंचे और गाली-गलौच करते हुए शराब पीने के लिए रूपये की मांग करने लगे।

रूपये देने से इंकार करने पर आरोपियों ने एकजुट होकर प्रार्थी को जान से मारने की धमकी दी और बीयर की बोतल से उसके पीठ पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डी अजय और एस विजय को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीसरा आरोपी ए मयंक अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में प्रयुक्त बीयर की टूटी हुई बोतल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट