दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 अप्रैल। स्वदेशी के प्रचार-प्रसार एवं स्थानीय व्यापार को सशक्त बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री अजय भसीन अपने प्रतिनिधि मंडल के साथ बस्तर संभाग के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने कांकेर, कोंडागांव, जगदलपुर एवं दंतेवाड़ा में व्यापारियों एवं आमजनों के बीच पहुंचकर स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया।
इस दौरे में अजय भसीन के साथ सुधीर दाते ( क्षेत्रीय समन्यवक व क्षेत्रीय संयोजक ,स्वदेशी जागरण मंच), डॉ सुमित दास (संभागीय प्रमुख स्वालम्बन केंद्र ),शंकर सचदेव (मीडिया प्रभारी स्वदेशी जागरण मंच),चिन्ना राव (स्वालम्बन केंद्र भिलाई) उपस्थित रहे।
श्री भसीन ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग न केवल स्थानीय उद्योगों को मजबूती देता है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें और ग्राहकों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
विभिन्न व्यापारिक संगठनों से भेंट कर सुधीर दाते ने स्वदेशी उत्पादों के प्रचार, स्थानीय बाजारों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को स्वरोजगार से जोडऩे पर विशेष चर्चा की। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने स्वदेशी के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।


