दुर्ग
समाज के लोग पहुंचे भिलाईनगर थाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 अप्रैल। सोशल मीडिया पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद रविवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग भिलाई नगर थाना पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल यह वीडियो 18 अप्रैल को सामने आया। आपत्तिजनक टिप्पणी पर रविवार को इस मामले को लेकर मूल निवासी संघ, भीम आर्मी और अन्य संगठनों के लोग बड़ी संख्या में भिलाईनगर थाना पहुंचे। उन्होंने थाने का घेराव किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि बाबा साहब ने देश के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया है।
उन्होंने महिलाओं को अधिकार दिलाने और समाज को बराबरी का हक देने के लिए काम किया। ऐसे महान व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना गलत है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी अनामिका उपाध्याय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।


