दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता़
भिलाई नगर, 20 अप्रैल। दुर्ग जिले की सुपेला पुलिस ने जुनवानी स्थित सूर्या मॉल के एक नामी क्लब पर बड़ी दबिश दी है। पुलिस ने ‘लिस्टोमेनिया किचन एंड क्लब’ में छापा मारकर अवैध रूप से शराब परोसते हुए संचालक को गिरफ्तार किया है।
निर्धारित समय के बाद छत पर छिपाई थी शराब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान सूचना मिली कि टी-सूर्या मॉल जुनवानी स्थित ‘लिस्टोमेनिया किचन एंड क्लब’ में संचालन का समय समाप्त होने के बाद भी ग्राहकों को अवैध रूप से शराब उपलब्ध कराई जा रही है।
पुलिस ने जब क्लब की छत पर दबिश दी, तो वहां भारी मात्रा में बीयर की बोतलें छिपाकर रखी गई थीं। संचालक द्वारा लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के बावजूद अवैध लाभ कमाने के चक्कर में ग्राहकों को गुपचुप तरीके से बीयर परोसी जा रही थी।
64 बोतल बीयर जब्त
पुलिस ने मौके से क्लब संचालक को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है। आरोपी संजय गुप्ता (41 वर्ष) निवासी सेक्टर-4, भिलाई की निशानदेही पर 64 बोतल स्टॉक कंपनी की बीयर जब्त की गई है।
थाना सुपेला पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की क्लब संचालकों को चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि च्ऑपरेशन विश्वासज् के तहत शहर के सभी क्लबों और संदिग्ध ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। किसी भी क्लब में समय सीमा के बाद संचालन या अवैध शराब की बिक्री पाए जाने पर संचालक के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


