दुर्ग

पत्नी से अवैध संबंध के शक में हमला, आरोपी गिरफ्तार
20-Apr-2026 7:22 PM
पत्नी से अवैध संबंध के शक में हमला,  आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 20 अप्रैल। दुर्ग शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत उतई तिराहा के पास पत्नी के साथ अवैध संबंधों के संदेह में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को  गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार परदेशी राम निर्मलकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र हेमंत निर्मलकर शनिवार की रात करीब 10 बजे उतई तिराहा स्थित टेम्पो स्टैंड के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी अंकित सिन्हा ने पुरानी रंजिश और संदेह के चलते हेमंत पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे शंकरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।

पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी अंकित सिन्हा को अपनी पत्नी और हेमंत के बीच संबंधों को लेकर संदेह था। इसी शक में अंकित ने बदला लेने की योजना बनाई और मौका मिलते ही हमला कर दिया। आरोपी मूलत: ग्राम बोरतरा (बालोद) का निवासी है और वर्तमान में मांढर (रायपुर) में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।


अन्य पोस्ट