दुर्ग
भिलाई नगर, 20 अप्रैल। शहर के कैम्प क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियार और बेसबॉल बैट से हमला करने वाले दो आरोपियों को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हमले में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी करन चौहान निवासी मिलन चौक कैम्प-02 ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 अप्रैल की रात करीब 9.30 बजे अन्ना चौक के पास आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे घेरा। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की नियत से धारदार हथियार और बेसबॉल बैट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना छावनी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
आरोपी तरूण यादव निवासी श्याम नगर कैम्प-2 भिलाई और चंदन यादव, निवासी श्याम नगर, कैम्प-2 भिलाई की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और बेसबॉल बैट जब्त किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 3(5) के तहत आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


