दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 अप्रैल। दुर्ग पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ एक आदतन अपराधी को रंगे हाथ दबोचा है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि आर्य नगर स्थित पुरानी टंकी के पास एक युवक नशीली दवाओं की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस ने त्वरित रणनीति बनाई और स्वतंत्र साक्षियों के साथ घटनास्थल पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश कर रहे आरोपी प्रांजल यादव (25 वर्ष) को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 300 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद की गईं। इसके आलावा बिक्री से प्राप्त नगद राशि भी पुलिस ने जब्त की है। पुलिस द्वारा जब्त की गई कुल सामग्री की कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रांजल यादव थाना मोहन नगर का एक आदतन गुंडा बदमाश है। उसके आपराधिक इतिहास का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसके विरुद्ध पूर्व में लगभग 15 से अधिक आपराधिक मामले विभिन्न धाराओं में दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 22 और 27(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें और इस तरह के अवैध कार्यों की सूचना तत्काल पुलिस टोल फ्री नंबर 1933 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


