दुर्ग
भिलाई नगर, 17 अप्रैल। दुर्ग जिला के थाना धमधा अंतर्गत ग्राम तुमाकला के डबरी पार इलाके में सक्रिय जुए के अड्डे पर पुलिस ने छापा मारकर दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गोपनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि ग्राम तुमाकला और जरहा तुमा के बीच सुनसान ‘डबरी पार’ इलाके में कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रामनारायण ध्रुव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बिना देर किए घटनास्थल की घेराबंदी की।
मौके पर पुलिस ने दो लोगों को दांव लगाते हुए पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अब्दुल जब्बार (56 वर्ष) निवासी तुमाकला और त्रिलोक जैन निवासी जालबांधा के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों से 4,300 रुपये, एक ओप्पो स्मार्टफोन जब्त किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिबंध अधिनियम 2022 की धारा 7(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक प्रक्रिया पूरी की है।


