दुर्ग

बाबा साहब का जीवन हम सबके लिए प्रेरणादायक-गजेन्द्र यादव
15-Apr-2026 7:46 PM
बाबा साहब का जीवन हम सबके लिए प्रेरणादायक-गजेन्द्र यादव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 अप्रैल।
भारत संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती आज धूमधाम से मनाई गई। बाबा साहब के अनुयायी की ओर से शहर में निकली भव्य रैली में केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए और बाबा साहेब के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर नमन किये। बाजे गाजे के साथ हजारों की संख्या में रैली में शामिल बाबा साहब के अनुयायियों का विधायक गजेन्द्र ने अभिवादन करते हुए सभी को अम्बेडकर जयंती की शुभकामनायें दी, और स्वयं राजेंद्र पार्क चौक से ग्रीन चौक तक रैली में चलते रहे।

उन्होंने कहा की डॉ. बाबा साहब अम्बेडकर की शिक्षाएं हमें उज्जवल भविष्य की ओर मार्गदर्शन करती है। अंबेडकर जयंती के इस शुभ अवसर पर, आइए भारतीय संविधान के निर्माता और हमारे राष्ट्र के लिए उनके अमूल्य योगदान को याद करें। देशहित में उनके कार्यों को याद करके, हम समाज में परिवर्तन लाने का संकल्प लें। रैली में युवा हाथों में नीले झंडे लिए बाबा साहेब अंबेडकर अमर रहे और जय भीम के नारे लगाते हुए चल रहे थे, तो महिलाएं और युवतियाँ बाजे गाजे में नाचते गाते रैली में चल रहे थे। इसी प्रकार राजीव नगर में आयोजित अम्बेडकर जयंती में शामिल हुए।


अन्य पोस्ट