दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 अप्रैल। दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते हुई मारपीट ने एक व्यक्ति की जान ले ली। इस घटना के बाद फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने महज 3 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 12 अप्रैल की रात लगभग 10 बजे थाना अंडा अंतर्गत ग्राम खाड़ा के स्कूल पारा की है। मृतक शम्भू निषाद उर्फ देवचरण, जो पिछले कई वर्षों से गुजरात में रह रहा था, अपने गांव आया हुआ था। इसी दौरान उसका गांव के ही संतोष कुमार यादव और रोहित कुमार यादव के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
पुलिस के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने शम्भू के साथ हाथ-मुक्के और लात से जमकर मारपीट की। इस मारपीट में शम्भू को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग ले गए, जहां इलाज के दौरान 13 अप्रैल को चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर थाना अंडा में बीएनएस की धारा 103, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपी संतोष कुमार यादव (44 वर्ष) को कुथरेल क्षेत्र से और रोहित कुमार यादव (42 वर्ष) को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया है।


