दुर्ग

सामाजिक सेवा के नए आयाम स्थापित कर रही प्रदेश माहेश्वरी सभा-सुरेश मूंदड़ा
14-Apr-2026 4:28 PM
सामाजिक सेवा के नए आयाम स्थापित कर रही प्रदेश माहेश्वरी सभा-सुरेश मूंदड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ प्रदेश माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष सुरेश मूंदड़ा के कुशल नेतृत्व में संगठन ने सामाजिक सेवा और सांगठनिक मजबूती के क्षेत्र में अभूतपूर्व सफलता अर्जित की है।
गंगा मैया एवं जलेश्वर महादेव की नगरी बालोद के माहेश्वरी भवन में आयोजित प्रदेश सभा की तृतीय कार्यकारी मंडल एवं पंचम कार्यसमिति की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए श्री मूंदड़ा ने स्पष्ट किया कि किसी भी संगठन की रीढ़ उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि सक्रिय पदाधिकारियों और निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बीच का बेजोड़ सामंजस्य ही वह शक्ति है, जिसने इस सत्र के सभी सामाजिक कार्यों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुँचाया है। अध्यक्ष का मुख्य विजन संगठन के अंतिम छोर पर बैठे कार्यकर्ता को सीधे मन से जोडऩा रहा है, जिसमें वे काफी हद तक सफल रहे हैं।

सत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए सुरेश मूंदड़ा ने बताया कि सेवा का दायरा केवल बैठकों तक सीमित न रहकर धरातल पर उतरा है। इसमें दुर्ग का परिचय सम्मेलन हो या चंपारण का शिवमहापुराण, रायपुर में महासभा की फ्लैगशिप योजनाओं का ऐतिहासिक शुभारंभ हो या जगदलपुर में आयोजित रामकथा, हर आयोजन ने समाज को नई दिशा दी है।

विशेषकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में 5 जिलों में सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन अभियान और मेडिकल सहायता जैसे कार्यों ने समाज के प्रति संगठन की संवेदनशीलता को उजागर किया है।
संगठन आपके द्वार अभियान के जरिए 14 स्थानों पर पहुंच बनाना और चित्रकूट व जोधपुर की यात्राओं के माध्यम से सांस्कृतिक चेतना जगाना श्री मूंदड़ा के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। संगठन को और अधिक ऊर्जावान बनाने के उद्देश्य से उन्होंने कार्यकारी मण्डल में राधेश्याम राठी, संतोष चाण्डक, धर्मेंद्र फाफट एवं जगदीश राठी के मनोनयन की घोषणा भी की।

बैठक की गरिमा तब और बढ़ गई जब इसमें सुदूर वनांचल क्षेत्रों जैसे सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और गीदम सहित प्रदेश के 32 से अधिक क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महेश वंदना के साथ हुआ, जिसके पश्चात बालोद सभा के अध्यक्ष स्वरूप राठी एवं राजनांदगांव जिला अध्यक्ष गोविंद मालानी ने आत्मीय स्वागत भाषण दिया। प्रदेश मंत्री नंदकिशोर राठी ने कुशलतापूर्वक कार्यवाही का संचालन करते हुए शोक प्रस्ताव एवं पूर्व बैठकों के कार्यों का अनुमोदन कराया।
 वित्तीय पारदर्शिता को लेकर अर्थ मंत्री सी.ए. मनोज राठी ने आय-व्यय का ब्यौरा दिया, वहीं बालकिशन झंवर, नरेंद्र लोहिया और शैलेंद्र करवा ने क्रमश: ट्रस्ट, मेडिकल वेलफेयर और जोधपुर महाकुंभ यात्रा की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
आगामी योजनाओं पर चर्चा करते हुए बताया गया कि 23 व 24 मई को डुंडा (रायपुर) में नवदिशा 2026 का भव्य आयोजन होगा, जो व्यवसाय, आध्यात्म और तकनीकी उत्कर्ष का एक अनूठा संगम बनेगा।
इस अवसर पर विभिन्न जिला सभाओं की रिपोर्ट श्रीकिशन सारडा, राजेन्द्र गाँधी, राजकुमार केला, अनिल चाण्डक एवं गगन लढ्ढा ने रखी।
मंच पर उपाध्यक्ष डॉ. रमेश भट्टड़, रमेश केला सहित अजय सारडा, कमलकिशोर बियाणी, ओमप्रकाश टावरी एवं जगदीश चाण्डक की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में संगठन मंत्री गजेंद्र चाण्डक ने आभार प्रदर्शन किया। राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुई इस बैठक में बालोद सभा के शानदार आतिथ्य की सभी सदस्यों ने सराहना की, जो समाज की एकजुटता और अपनत्व का जीवंत उदाहरण बना।


अन्य पोस्ट