दुर्ग

उतई कॉलेज में जनभागीदारी समिति की बैठक, विकास कार्यों पर निर्णय
13-Apr-2026 4:09 PM
उतई कॉलेज में जनभागीदारी समिति की बैठक, विकास कार्यों पर निर्णय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 13 अप्रैल। शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उतई में जनभागीदारी एवं वित्त प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी सत्र की कार्ययोजना और महाविद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष सरस्वती साहू ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विकास में जनभागीदारी समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

बैठक की शुरुआत में नव पदस्थ प्राचार्य डॉ. डी. पी. कुर्रे एवं समिति के सदस्यों का स्वागत किया गया। प्राचार्य डॉ. कुर्रे ने महाविद्यालय की वर्तमान स्थिति, विकास की संभावनाओं और समिति की भूमिका पर जानकारी दी।

बैठक में महाविद्यालय के बुनियादी ढांचे और शैक्षणिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई प्रस्तावों पर सहमति बनी। इनमें कम्प्यूटर विज्ञान विभाग एवं हिन्दी शोध केंद्र के लिए कक्ष निर्माण, ‘बी’ ब्लॉक के कमरों की मरम्मत और रंगरोगन, परिसर का समतलीकरण, जल निकासी व्यवस्था में सुधार, उद्यान का विस्तार, मंच का निर्माण तथा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को पुरस्कृत करने जैसे निर्णय शामिल हैं।

इसके अलावा बाह्य विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान, शोध जर्नल क्रय करने तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी प्रावधान करने पर चर्चा हुई। सदस्यों ने महाविद्यालय परिसर में वाई-फाई सुविधा, साइकिल स्टैंड की मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था जैसे सुझाव भी दिए।

बैठक में जनभागीदारी मद के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इस अवसर पर समिति सदस्य, जनप्रतिनिधि, प्राध्यापकगण एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में डॉ. राकेश मिंज ने सभी का आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट