दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 13 अप्रैल। दुर्ग जिले के नगर पंचायत उतई थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ हुई रेप की घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया है और उसका उपचार जारी है।
इस बीच जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीडि़त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल थाना उतई पहुंचा, जहां पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और शीघ्र न्याय की मांग की गई।
राकेश ठाकुर ने क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान उन्होंने पूर्व में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी टिप्पणी की।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि आरोपियों को कठोर सजा दी जाए, पीडि़त बच्ची को उचित चिकित्सा एवं मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहयोग दिया जाए तथा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।
पुलिस प्रशासन द्वारा मामले में जांच जारी होने की जानकारी दी गई है। अवैध शराब कारोबार को लेकर लगाए गए आरोपों की भी जांच की बात कही गई है।
कार्यक्रम के दौरान जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, धर्मेंद्र बंजारे, डिकेंद्र हिरवानी, द्वारिका साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।