दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई,13 अप्रैल । दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ रेप के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के तत्वावधान में मिनी माता चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और नारेबाजी की। इस दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन भी किया गया। एहतियात के तौर पर कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया था।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता है। उन्होंने अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने पीडि़त परिवार को सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।