दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 अप्रैल। पुलगांव थाना अंतर्गत जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने लूट की नीयत से राहगीर को डराने धमकाने वाले एक शातिर आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना 7 अगस्त की रात लगभग साढ़े सात बजे की है। जेवरा सिरसा क्षेत्र में इंटरप्राइजेस गोदाम के पास दो अज्ञात युवकों ने एक व्यक्ति को रास्ता रोक कर घेर लिया। आरोपियों ने प्रार्थी को धारदार हथियार दिखाकर डराया और उससे नगदी रकम लूटने का प्रयास किया। प्रार्थी की सूझबूझ और विरोध के कारण आरोपी सफल नहीं हो सके, जिसके बाद पीडि़त ने तत्काल पुलिस में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से दबोचे गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 312, 331(2) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। चौकी प्रभारी जेवरा सिरसा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों का जाल बिछाया। पुख्ता जानकारी मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी को धर दबोचा।
आरोपी टामन साहू उर्फ डायमंड (19 वर्ष) निवासी वार्ड 16 शीतला बस्ती मोहन नगर दुर्ग और इसके एक नाबालिग साथी को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।