दुर्ग
आईटी पार्क के शेष कार्य 15 दिन में पूर्ण करने के आदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 अप्रैल। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने सोमवार सुबह 8 बजे शहर के विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आईटी पार्क, नालंदा परिसर एवं सिविल लाइन क्षेत्र में चल रहे पेवर ब्लॉक कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे। आयुक्त ने सभी स्थलों पर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किए जाएं, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
आईटी पार्क का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने शेष बचे कार्यों को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्देशित किया कि 15 दिनों के भीतर कार्य पूर्ण कर आईआईटी भिलाई को हस्तांतरित किया जाए। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी। नालंदा परिसर निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए, जिससे परियोजना का लाभ आम नागरिकों को शीघ्र मिल सके। सिविल लाइन क्षेत्र में चल रहे पेवर ब्लॉक कार्य का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कार्य की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।