दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 अप्रैल। अफीम की अवैध खेती करने के मामले ग्राम समोदा चौकी जेवरा सिरसा में जेल निहित एक आरोपी सुखाराम विश्नोई की जमानत के लिए प्रस्तुत आवेदन पर तर्क सुनने के बाद सत्र न्यायालय ने जमानत आवेदन को निरस्त कर दिया है।
जमानत के लिए आवेदन में आरोपी के पौत्र प्रवीण कुमार द्वारा शपथ पत्र प्रस्तुत किया गया है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि उसे झूठा फंसाया गया है। उसके द्वारा कोई अपराध कारित नहीं किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से 670 ग्राम अफीम का सुखा फल डोडा बरामद कर जब्त करना बताया गया है, किंतु आरोपी से मादक पदार्थ जब्त नहीं किया गया है।
आरोपी सुखाराम 60 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति है, जिसे मधुमेह की बीमारी है और राजस्थानी ढाबा का संचालक है। वह अपने ढाबा की कमाई की नगदी रकम रखा था, जिसे पुलिस ने अवैध रुप से जब्त किया है। आरोपी 23 मार्च से न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध है, उसके अधिक दिनों तक जेल में निरुद्ध रहने से उसके स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पडऩे की संभावना है। प्रकरण में विवेचना जारी है, जिससे प्रकरण के निराकरण में समय लगने की संभावना है। वह न्यायालय के समस्त शर्तों का पालन करने हेतु तैयार है। अत: आरोपी को जमानत का लाभ दिये जाने का निवेदन किया गया है। जमानत आवेदन का विरोध करते हुए विशेष लोक अभियोजक सूरज शर्मा ने न्यायालय को बताया कि आरोपी एवं अन्य से प्रकरण में कुल 62424.4 किग्रा मादक पदार्थ अफीम का पौधा जब्त कर बरामद किया गया है, जो व्यसायिक मात्रा में है। आरोपी का भी उक्त अपराध में महत्वपूर्ण भूमिका होने के संबंध में केस डायरी में पर्याप्त साक्ष्य मौजूद है। जमानत का लाभ दिये जाने से आरोपी द्वारा विवेचना को प्रभावित कर सकता हैं। प्रस्तुत जमानत आवेदन को निरस्त करने का अनुरोध किया गया था।