दुर्ग
कार और आईफोन समेत लाखों का माल जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 अप्रैल। दुर्ग पुलिस ने आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा पर एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। थाना जामुल और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
नहर किनारे मैदान में चल रहा था खेल
रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम खेदामारा में नहर के पास मैदान में कुछ युवक मोबाइल पर सट्टा खेल रहे हैं। पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पकड़े जाने के डर से आरोपी क्रेटा कार और स्कूटी में घूम-घूम कर लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में लिया जिनमें डिकेश्वर सिन्हा उर्फ राजा (28 वर्ष) निवासी मठपारा, कुलेश्वर पटेल (28 वर्ष) निवासी खेदामारा तथा दीपेश कुमार लहरी उर्फ सन्नी (23 वर्ष) निवासी गणेश नगर शामिल हैं।
लाखों का लेनदेन और जब्ती
आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच करने पर पुलिस को चौंकाने वाले आंकड़े मिले हैं। बेट भाई 9 प्लेटफॉर्म के जरिए लगभग 2.5 से 3 लाख रुपये का ऑनलाइन लेनदेन पाया गया है। पुलिस ने इनके पास से एक हुंडई क्रेटा कार (सीजी 07 बीएफ 5311) और एक मेस्ट्रो स्कूटी, आईफोन 14 प्रो मैक्स और मोटोरोला समेत 3 महंगे स्मार्टफोन जब्त किए हैं।
जामुल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 5, 6, और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।