दुर्ग

इंदिरा मार्केट में भीषण आग, 4 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
30-Mar-2026 4:51 PM
इंदिरा मार्केट में भीषण आग, 4 घंटे  की मशक्कत के बाद पाया काबू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 30 मार्च। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र इंदिरा मार्केट स्थित एक चप्पल-जूता शोरूम में रविवार देर रात लगभग 10 बजे अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग हरकत में आई और तत्काल 4 दमकल वाहनों को मौके के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि दो मंजिला दुकान आग की चपेट में पूरी तरह घिर चुकी थी। अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत शटर खोलकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया, वहीं दूसरी टीम ने जान जोखिम में डालकर बिल्डिंग के अंदर प्रवेश कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। इस दौरान लगभग 15 से अधिक फायर ब्रिगेड वाहनों के पानी का उपयोग किया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को आसपास की दुकानों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

पूरे अभियान का नेतृत्व जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने किया। उनके साथ सहायक फायर प्रभारी प्रवीण बारा, सहायक स्टेशन प्रभारी संतोष पाण्डेय, अग्निशमन दल प्रभारी धनु यादव, केशव यादव, घनश्याम यादव सहित टीम के अन्य सदस्यों ने साहस और तत्परता का परिचय दिया। अग्निशमन दल की मुस्तैदी और टीमवर्क के चलते समय पर आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


अन्य पोस्ट