दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 28 मार्च। धनोरा स्थित बाबा दरबार पावन धाम में राम नवमी के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण बाबा एवं पं. विनय के मार्गदर्शन में हवन कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुति देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे दरबार से जोत-जवारा विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा बजरंग पारा, बाजार चौक, मेन गली और शीतला पारा होते हुए शीतला तालाब पहुंची, जहां विधि-विधान से जोत-जवारा का विसर्जन किया गया। इस दौरान लक्ष्मण बाबा, नंद पंडा एवं राजू यादव द्वारा पूजा-अर्चना की गई।
शोभायात्रा में स्थानीय मंडलियों द्वारा माता सेवा भजन प्रस्तुत किए गए। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर ज्योति कलश रखकर और हाथों में ध्वज लेकर शामिल हुईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति देखी गई।
हवन के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच खीर प्रसाद का वितरण भी किया गया। आयोजकों के अनुसार, चैत्र एवं कुँवार नवरात्रि के दौरान प्रतिवर्ष इस प्रकार के धार्मिक आयोजन किए जाते हैं, जिनमें आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु शामिल होते हैं।


