दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 मार्च। निगम क्षेत्र के वार्ड 59 हरि नगर में जल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए महापौर अलका बाघमार द्वारा जल कार्य प्रभारी लीना दिनेश देवांगन, देवनारायण चंद्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकर, पार्षद गोविंद्र देवांगन, शिवेंद्र परिहार सहित संबंधित अधिकारी प्रभारी कार्यपालन अभियंता प्रकाश चंद थावनी, सहायक अभियंता गिरीश दिवान, विनोद मांझी, जल कार्य निरीक्षक नारायण सिंह ठाकुर के साथ बैठक ली गई।
बैठक में वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की समस्या, अनावश्यक जल बहाव एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वार्ड क्षेत्र में जहां-जहां अनावश्यक रूप से पानी बह रहा है, वहां सार्वजनिक नलों में टोटी लगवाकर पानी की बर्बादी को तत्काल रोका जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पानी की समस्या को प्राथमिकता के साथ लेते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। महापौर ने कहा कि शहर के ऐसे क्षेत्र जहां अब तक पाइपलाइन नहीं पहुंच पाई है, वहां जल्द से जल्द पाइपलाइन विस्तार की कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि नलों से टुल्लू पंप लगाकर अवैध रूप से पानी खींचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में पंप जब्त करने के साथ संबंधित नल कनेक्शन को काटा जाएगा और नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा।


