दुर्ग

मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ ट्रॉफी, राष्ट्रीय महिला टीम शतरंज चैंपियनशिप
21-Mar-2026 2:44 PM
मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ ट्रॉफी, राष्ट्रीय महिला टीम शतरंज चैंपियनशिप

परिधि ने स्वाति को हराकर किया बड़ा उलटफेर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 21 मार्च। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के तत्वाधान में तथा आल इंडिया चेस फेडरेशन के निर्देशन में रायपुर के अग्रसेन धाम में 16 से 22 मार्च तक आयोजित आयोजित मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ ट्रॉफी 23वीं राष्ट्रीय महिला टीम शतरंज चैंपियनशिप 2026 के पांचवें दिन (20 मार्च) खेले गए राउंड 5 में कई रोमांचक और उच्च स्तर के मुकाबले देखने को मिले।

इस दिन का सबसे बड़ा आकर्षण रहा छत्तीसगढ़ बी की परिधि लिल्हारे द्वारा अनुभवी डब्ल्यूजीएम स्वाति घाटे (रेटिंग 2021) पर शानदार जीत, जिसने पूरे टूर्नामेंट का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। साथ ही, पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (पीएसपीबी) ने एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) पर 3-1 की मजबूत जीत दर्ज कर खिताब की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। परिधि ने काले मोहरों से बेहतरीन काउंटरप्ले दिखाया, मिडलगेम में स्थिति को संतुलित रखते हुए धीरे-धीरे दबाव बनाया, एंडगेम में सटीक चालों से अनुभवी खिलाड़ी को मात दी।

मैरी ऐन गोम्स ने शानदार आक्रामक खेल दिखाया, मिडलगेम में नियंत्रण बनाकर जीत हासिल की। राउंड 5 में जहां एक ओर पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (पीएसपीबी) ने अपनी मजबूती साबित की, वहीं दूसरी ओर परिधि लिल्हारे की जीत ने यह दिखा दिया कि शतरंज में किसी भी दिन कोई भी खिलाड़ी इतिहास रच सकता है। यह दिन टूर्नामेंट के सबसे यादगार दिनों में से एक बन गया, जहां अनुभव और युवा प्रतिभा के बीच मुकाबले में नए सितारे चमकते नजर आए। मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ ट्रॉफी 45वीं राष्ट्रीय टीम शतरंज चैंपियनशिप  (ओपन वर्ग)  पांचवें दिन राउंड 7 में रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (पीएसपीबी) का दबदबा, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के साथ कड़ी टक्कर दी। रायपुर में जारी मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ ट्रॉफी 45वीं राष्ट्रीय टीम शतरंज चैंपियनशिप  के पांचवें दिन (20 मार्च) खेले गए राउंड 7 में शीर्ष टीमों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

चेस फेडरेशन ऑफ फिजिकली डिसेबल्ड  की टीम भी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहली बार हिस्सा ले रही है, जिसमें शामिल खिलाड़ी हैं। नभनील दास, रामा राजशेखरा रेड्डी, प्रतीक पी पाटिल, एसीएम सुरेश अग्रवाल, एएफएम प्रवीण कुमार। इन खिलाडिय़ों का जज़्बा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना पूरे टूर्नामेंट के लिए प्रेरणास्रोत है। यह चैंपियनशिप केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि प्रतिभा, समर्पण और समान अवसरों का उत्सव बन चुकी है। यह जानकारी प्रदेश शतरंज संघ के सह सचिव ईश्वर सिंह राजपूत एवं इंटरनेशनल आर्बिटर रॉकी देवांगन ने दी है।


अन्य पोस्ट