दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 मार्च। खनिज महकमा ने पिछले दो दिनों में अवैध खनिज परिवहन के मामले ताबड़ कार्रवाई कर इससे जुड़े लोगों पर शिकंजा कसा है। दो दिनों में विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध खनिज परिवहन कर रहे 13 वाहनों को पकड़ कर कार्रवाई की हैं। पकड़े गए इन वाहनों पर लगभग 4 लाख रुपए का जुर्माना प्रस्तावित किया है।
जानकारी के अनुसार इन दिनों निर्माण कार्य में तेजी आने के साथ इसमें लगने वाले विभिन्न प्रकार के खनिज की अवैध उत्खनन व परिवहन की शिकायतें बढ़ गई। कलेक्टर ने अवैध खनिज उत्खनन व परिवहन मामले में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस पर जिला खनिज अधिकारी दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में सहायक खनिज अधिकारी दीपक तिवारी के नेतृत्व में विभाग की टीम ने जिले के नेवई, अंडा, नंदनी नगर, जामगांव आर थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न जगहों पर खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की जांच की गई जांच के दौरान 13 वाहनों में बिना रायल्टी पर्ची के अवैध रूप से खनिज परिवहन करना पाया गया।
पकड़े गए वाहनों में से सबसे ज्यादा 7 वाहनों में रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था। इसी प्रकार 4 में चूना पत्थर तथा 2 वाहनों में बिना रायल्टी के ईंट का अवैध परिवहन करना पाया गया। इन सभी वाहनों को खनिज सहित जप्त कर नेवई, नंदनी नगर, जामगांव आर एवं अण्डा फुलिस थाना पुलिस अभिरक्षा में खड़ी कर खनिज एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।


