दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 17 मार्च। दुर्ग जिले के उतई क्षेत्र में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री और पेट्रोलियम मंत्री का पुतला दहन किया। कार्यक्रम का आयोजन नगर पालिका जामुल के तरुण संस्कृति भवन, नंदिनी रोड में किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस महासचिव प्रवीण देवांगन और अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष हेमंत साहू ने किया।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिले के एक भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती का मामला सामने आया है और अन्य जिलों में भी इस तरह के मामले सामने आए हैं। इसके अलावा रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में वृद्धि का भी विरोध किया गया।
कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार कुंदन शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिले के फार्म हाउस की जांच, गैस वितरण व्यवस्था में सुधार, कालाबाजारी पर कार्रवाई, अवैध नशे और कबाड़ के कारोबार पर नियंत्रण की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प की भी जानकारी सामने आई है। इसके बाद भी कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम में सरोजनी चंद्राकर, सुनीता चन्नेवार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।