दुर्ग

शतरंज की बिसात और राजनीति एक जैसी-भावना
17-Mar-2026 2:24 PM
शतरंज की बिसात और राजनीति एक जैसी-भावना

चीफ मिनिस्टर छत्तीसगढ़ ट्रॉफी राष्ट्रीय पुरुष- महिला शतरंज चैंपियनशिप का शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 17 मार्च। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के तत्वाधान तथा आल इंडिया चेस फेडरेशन के निर्देशन में चीफ मिनिस्टर छत्तीसगढ़ ट्रॉफी राष्ट्रीय पुरुष एवं महिला टीम शतरंज चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं विधायक  भावना बोहरा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव डॉ विक्रम सिसोदिया ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में आल इंडिया चेस फेडरेशन के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश शतरंज संघ के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंघानिया, महासचिव विनोद राठी,विकास शर्मा ,स्वप्निल ,कविराज साव उपस्थित थे।

अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किया गया तत्पश्चात विधायक भावना बोहरा एवं विक्रम सिसोदिया ने शतरंज की चाल चलकर देश की महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भावना बोहरा ने शतरंज की बिसात और राजनीति की बिसात को एक जैसा बताते हुए कहा कि जहां शतरंज में खिलाड़ी अपने प्रतिद्वंद्वी से जोर आजमाइश करता है उसी प्रकार  राजनीति में हम अपने विरोधियों से शह और मात का खेल खेलते हैं। उन्होंने देश भर से आए शतरंज खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के अध्यक्ष छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव डॉ विक्रम सिसोदिया ने इस वृहद आयोजन के लिए प्रदेश शतरंज संघ की सराहना करते हुए उपस्थित खिलाडिय़ों से खेल भावना से खेलने की अपील की।  सर्वप्रथम शतरंज के प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंघानिया ने स्वागत भाषण देते हुए आयोजन संबंधी विस्तार पूर्वक जानकारी दी।

अतिथियों का स्वागत प्रदेश शतरंज संघ के सह सचिव ईश्वर सिंह राजपूत, इंटरनेशनल आर्बिटर अलंकार भिवगड़े,अनीस अंसारी, रॉकी देवांगन,अनिल शर्मा,एवं लोगो के द्वारा किया गया। इस अवसर पर देश भर के शतरंज खिलाड़ी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मिस ऐश्वर्या ने एवं आभार प्रदर्शन सह सचिव विकास शर्मा ने किया।


अन्य पोस्ट