दुर्ग

चीफ मिनिस्टर छत्तीसगढ़ ट्रॉफी महिला-पुरुष शतरंज चैंपियनशिप के लोगो का साव ने किया विमोचन
14-Mar-2026 4:34 PM
चीफ मिनिस्टर छत्तीसगढ़ ट्रॉफी महिला-पुरुष शतरंज चैंपियनशिप के लोगो का साव ने किया विमोचन

23 राज्यों के कई ग्रैंड मास्टर, इंटरनेशनल मास्टर सहित  450 से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 14 मार्च। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के तत्वाधान तथा आल इंडिया चेस फेडरेशन के निर्देशन में चीफ मिनिस्टर छत्तीसगढ़ ट्रॉफी 45वीं पुरुष एवं 23वीं महिला राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप के लोगो का अनावरण उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव द्वारा किया गया।

 विदित हो कि अरुण साव इस चैंपियनशिप के आयोजन समिति के संरक्षक भी है। श्री साव ने इस आयोजन को लेकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।  इस चैंपियनशिप के आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर  रायपुर के अग्रसेन धाम में 16 से 22 मार्च तक आयोजित 45 वीं पुरुष एवं 23 वीं महिला राष्ट्रीय शतरंज टीम चैंपियनशिप 2026 के आयोजन संबंधी विस्तृत जानकारी दी।

श्री साव ने देश की महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित चैंपियनशिप के लोगो का विमोचन किया। विधायक भावना बोहरा ने उप मुख्यमंत्री श्री साव को उक्त लोगो के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि लोगो में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान,औद्योगिक विकास,प्राकृतिक सौंदर्य,राजकीय पशु वन भैंसा को शतरंज की गोटी के रूप में दर्शाकर,तथा तथा शतरंज की बौद्धिक परंपरा को दर्शाया गया है। इस अवसर पर प्रदेश शतरंज संघ के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंघानिया के अलावा उपाध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी सुश्री किरण अग्रवाल, एम चंद्रशेखर , रवि कुमार , सह सचिव आनंद अवधिया, ईश्वर सिंह राजपूत, सीनियर नेशनल आर्बिटर अनिल शर्मा उपस्थित थे।

आल इंडिया चेस फेडरेशन के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश शतरंज संघ के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंघानिया ने बताया कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व की इस चैंपियनशिप में देश के 23 राज्यों एवं 10 संस्थागत इकाइयों से 450 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।  जिसमें 11 ग्रैंड मास्टर 14 इंटरनेशनल मास्टर शामिल हैं। ग्रैंड मास्टर में दीप्तायन घोष,विकास एन आर,विग्नेश एन आर, मित्रभा गुहा, सायंतन दास,राहुल वी एस,श्याम निखिल पी, दीपेन चक्रवर्ती,श्रीराम झा, पी कार्तिकेयन,लक्ष्मण आरआर  महिला ग्रैंड मास्टर में प्रियंका मुक्ती, गोम्स मेरी अन, स्वाति घाटे, किरण मनीषा मोहंती  इंटरनेशनल मास्टर में अरुणायक घोष, हर्षवर्धन जी बी,अजय संतोष,पर्वतारेड्डी, हिमाल गुसैन, नीलेश शाह,श्रीराम आदर्श उप्पला,आयुष शर्मा, साहिल डे, विग्नेश अद्वैत विमला,आदित्य धींगरा, श्रीहरि एल, हरि माधवन एनबी, नितिन एस, दिनेश के शर्मा,  इंटरनेशनल मास्टर पद्मिनी राउत,मोहता निशा,विमेन इंटरनेशनल मास्टर अर्पिता मुखर्जी,कल्याणी शिरीन,प्रियंका के शामिल हैं। इसके अलावा 100 से अधिक फीडे टाइटल होल्डर उक्त चैम्पियनशिप में हिस्सा ले रहे हैं।

इसके अलावा देश की 10 स्पेशल यूनिट जिसमें पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड,एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया, एल आई सी,डिफेंस एकाउंट्स स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड,सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड,आल इंडिया आर बी आई स्पोर्ट्स एंड कल्चरल, के आई आई टी यूनिवर्सिटी,रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड एवं फिजिकल डिसेबल के अलावा उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, महाराष्ट्र,केरला,वेस्ट बंगाल, छत्तीसगढ़,बिहार, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, झारखंड,हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड,हरियाणा,दिल्ली,त्रिपुरा,कर्नाटक,अंडमान निकोबार, पंजाब,उड़ीसा,गुजरात, पांडुचेरी की टीम शामिल हैं।


अन्य पोस्ट