दुर्ग

सेक्स रैकेट का खुलासा, संचालिका व ग्राहक गिरफ्तार
11-Mar-2026 2:45 PM
सेक्स रैकेट का खुलासा, संचालिका व ग्राहक गिरफ्तार

 8 युवतियों से पूछताछ जारी, एक दर्जन मोबाइल जब्त
 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 मार्च।
दुर्ग जिले के भिलाई अंतर्गत स्मृति नगर थाना क्षेत्र नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी में पुलिस ने एक बड़े अनैतिक देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया है। महिला रक्षा टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त रेड में एक महिला संचालिका और एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

ज्ञात हो कि पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि विद्या विहार कॉलोनी के एख मकान में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। मंगलवार को संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से उक्त मकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान संचालिका धनवंती रावत (35) और अमन शेख (25) को रंगे हाथों पकड़ा गया।

मौके से पुलिस ने 8 अन्य महिलाओं को भी अभिरक्षा में लिया, जिन्हें पूछताछ और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायालय के आदेशानुसार रिहा कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से 12 मोबाइल फोन, एक पल्सर मोटरसाइकिल और 5,500 रुपये नगद बरामद किए हैं।
ज्ञात हो कि बड़ी संख्या में मोबाइल मिलने से पुलिस को अंदेशा है कि यह गिरोह ऑनलाइन माध्यम से ग्राहकों से संपर्क में था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि संचालिका आर्थिक लाभ के लालच में अन्य महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का संचालन कर रही थी। स्मृति नगर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि उनके आसपास कोई भी संदिग्ध या अनैतिक गतिविधि नजर आए, तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।


अन्य पोस्ट