दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 मार्च। न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर के द्विवार्षिक चुनाव एक मार्च रविवार को प्रेस क्लब भवन में संपन्न हुआ। अध्यक्ष महासचिव सहित कुल 16 पदों के लिए क्लब के सदस्यों ने मतदान किया। कुल 97 मतदाताओं में से 94 मतदाताओं ने निर्धारित समय 2 बजे तक अपने मतों का प्रयोग किया है। नई कार्यकारिणी में अनिल गुप्ता अध्यक्ष निर्वाचित हुए। अनिल गुप्ता ने अपने निकटतम अभ्यर्थी निलेश त्रिपाठी को 13 मतों के अंतर से पराजित किया। चुनाव संचालन समिति में अरविंद सिंह, अशोक पंडा,रमेश गुप्ता, संतोष मिश्रा, मिथलेश ठाकुर, संतोष तिवारी शामिल थे।
न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कुल पांच उम्मीदवारों ने नामांकन भरा। अनिल गुप्ता, निलेश त्रिपाठी, रत्नाकर अल्वा, जेएम तांडी और खिलावन सिंह चौहान मैदान में थे। अनिल गुप्ता को सर्वाधिक 39 मत मिले। दूसरे नंबर पर निलेश त्रिपाठी को 26 वोट मिले। इसके अलावा खिलावन सिंह चौहान को 19, जेएम टांडी को 6 और रत्नाकर अल्वा को 4 मत मिले।
चुनाव में नजदीकी मुकाबला महासचिव के लिए रहा। महासचिव के पद पर वरिष्ठ महिला पत्रकार कोमल धनेसर व दिलीप शर्मा के बीच सीधा मुकाबला था। दिलीप शर्मा को 47 और कोमल धनेसर को 45 मत मिले। दिलीप शर्मा 2 मतों के अंतर से विजयी हुए। इसी प्रकार वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए भी सीधा मुकाबला सुनील चौहान व सत्य नारायण शुक्ला के बीच था। सुनील चौहान को 49 और सत्यनारायण शुक्ला को 39 मत मिले।
जय प्रकाश आर्य व रघु पंडा बने उपाध्यक्ष
उपाध्यक्ष दो पदो के लिए जय प्रकाश आर्य, रघुनंदन पंडा और यदुनंदन मिश्रा चुनावी मैदान में थे। इसमें जयप्रकाश आर्य को 65, रघुनंदन पंडा को 53 व यदुनंदन मिश्रा को 39 मत मिले। इस प्रकार उपाध्यक्ष पद पर जयप्रकाश आर्य व रघुनंदन पंडा चुने गए। कार्यलय सचिव के पद पर के मोहन राव चुने गए। इस पद के लिए के मोहन राव को 52 वोट और शमसुद्दीन खान को 36 वोट मिले। इसी प्रकार सह सचिव के पद पर भोपाल देवांगन चुने गए। भोपाल देवांगन को 59 व शमशीर शिवानी को 31 मत मिले।कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में राजकुमार आर्य, सोनू यादव, पी मोहन, सर्वेस सिंह, योगश वर्मा व सुरेन्द्र ठाकुर चुने गए।
न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर के चुनाव में इस बार कोषाध्यक्ष व सचिव निर्विरोध चुने गए। सचिव के दो पदों के लिए जोगिंदर सिंह सोनू व गौकरण निषाद ने नामांकन भरा।
अन्य कोई प्रत्याशी नहीं होने के कारण दोनों निर्विरोध चुने गए। इसी प्रकार कोषाध्यक्ष के एक पद के लिए दिनेश चौहान का एक मात्र नामांकन आया। इस पद पर दिनेश चौहान निर्विरोध चुने गए।


