दुर्ग

क्रिकेट : ऑनलाइन सट्टा-पट्टी लिखते दो आरोपी गिरफ्तार
24-Feb-2026 9:53 PM
क्रिकेट : ऑनलाइन सट्टा-पट्टी लिखते दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 24 फरवरी। 50 लाख रुपए से अधिक की ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा लिखते दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी भारत बनाम साउथ अफ्रीका क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे थे।

पुलिस ने मौके से लैपटॉप, एलइडी टीवी, 4 मोबाइल, एक नग डीवीआर, नगदी रकम 5000 रुपए सहित कुल 2,70,500 रुपए की सामग्री को जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 6, 7 एवं धारा 112 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। वहीं एक फरार आरोपी की तलाश में टीम लगी हुई है। पुलिस ने बताया कि 22 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि अशरफ नगर तकिया पारा दुर्ग स्थित एक मकान में भारत बनाम साउथ अफ्रीका क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा पट्टी संचालित किया जा रहा है।

 सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली एवं एसीसीयू की टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी करते हुए दबिश दी। मकान के अंदर एलइडी टीवी पर लाइव क्रिकेट मैच चल रहा था तथा मोबाइल फोन के माध्यम से हार जीत पर रुपए का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पुलिस में मौके पर उपस्थित दो आरोपियों सोहेल अहमद खान उर्फ मामू निवासी अशरफ नगर तकिया पारा दुर्ग एवं संतोष कुमार गोंड निवासी रुआ बांधा भिलाई को पकड़ा। आरोपीगण द्वारा क्रिकेट मैच में हार जीत पर रुपए का दांव लगाकर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से संगठित रूप से ऑनलाइन सट्टा संचालन करना स्वीकार किया गया। फरार आरोपी साहिल उर्फ सोनू निवासी तकिया पारा की तलाश पुलिस कर रही है।


अन्य पोस्ट