दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 24 फरवरी। स्थानीय टर्मिनेटर क्रिकेट एकेडमी के उदीयमान क्रिकेटर कृतेश साहू का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित विजी ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए ईस्ट ज़ोन टीम में किया गया है।
यह चयन न केवल कृतेश की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि टर्मिनेटर इंटरनैशनल क्रिकेट एकेडमी के समर्पित प्रशिक्षण और उत्कृष्ट खेल संस्कृति का भी प्रमाण है। गौरतलब है कि विजी ट्रॉफी देश की प्रमुख अंतर-क्षेत्रीय (इंटर-ज़ोनल) क्रिकेट प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण और मध्य ज़ोन की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलता है। इस प्रतियोगिता में चयनित होना किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है, क्योंकि यह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सशक्त मंच प्रदान करता है।
कृतेश साहू ने कटक मे आयोजित ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में पंडित रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी के कप्तान के रूप मे खेलते हुए पहले मैच मे घासीदास विश्व विद्यालय के खिलाफ 59 बॉल मे 124 रन की पारी खेली। दूसरे मैच में रांची यूनिवर्सिटी के खिलाफ 51 बॉल मे 101 रन की पारी की बदौलत वीजी ट्रॉफी टीम मे अपनी जगह बनाई!
कृतेश साहू वी.जी ट्रॉफी के पहले कटक ओडि़शा मे 19 से 24 फरवरी तक वी.जी. ट्रॉफी के लिए कैम्प मे रहेंगे। कैम्प के पश्चात् टीम गोवा के लिए रवाना होगी जहाँ 1 मार्च से वीजी ट्रॉफी प्रतियोगिता शुरू होगी!
कृतेश साहू पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय टीम के दो बार कप्तान भी रह चुके है। टर्मिनेटर एकेडमी के मुख्य कोच एन.आई.एस क्रिकेट कोच डॉ शबाब कुरैशी ने बताया कि च्च्कृतेश शुरू से ही एक समर्पित और मेहनती खिलाड़ी रहे हैं। वो आधुनिक क्रिकेट के सशक्त विकेट कीपर बल्लेबाज है।
कृतेश साहू ने भी अपने चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस अवसर को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा टीम की सफलता में अपना सर्वोत्तम योगदान देंगे।


