दुर्ग

मंत्री-महापौर ने ली पार्षदों की बैठक, 22 करोड़ से होंगे विकास कार्य
20-Feb-2026 7:07 PM
मंत्री-महापौर ने ली पार्षदों की बैठक, 22 करोड़ से होंगे विकास कार्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 20 फरवरी। शहर के समग्र एवं योजनाबद्ध विकास को लेकर सर्किट हाउस दुर्ग में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने महापौर अलका बाघमार की मौजूदगी में गुरुवार को नगर निगम के सभी पार्षदों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर अधिकारियों को दो दिनों के अंदर सभी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए है।

बैठक में सभापति श्याम शर्मा, आयुक्त सुमित अग्रवाल सहित एमआईसी सदस्य पार्षदगण एवं प्रमुख अधिकारी मौजूद थे। बैठक में शहर के 60 वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं अधोसंरचना विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री गजेंद्र यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक वार्ड में संबंधित पार्षदों से समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यों का इस्टीमेट तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि सडक़ों, नालियों, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।

बैठक में केबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा अधोसंरचना मद में 22 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इस राशि से सभी 60 वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जाएंगे।

विशेष रूप से प्रत्येक वार्ड में नाली निर्माण हेतु 10-10 लाख रुपये तक की मांग का प्रस्ताव तैयार करने और पार्षदों को मांग पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि वार्ड स्तर की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। बैठक में एमआईसी सदस्य,पार्षद तथा निगम के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट