दुर्ग

प्रभार लेने के पहले पंचायत सचिव के विरोध में उतरे
20-Feb-2026 6:16 PM
प्रभार लेने के पहले पंचायत सचिव के विरोध में उतरे

जिला पंचायत पहुंचकर सीईओ को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 फरवरी।
पहंडोर के पंचायत प्रतिनिधि ग्राम पंचायत सचिव महेन्द्र साहू के प्रभार लेने के पहले उनके विरोध में उतर आए है। सरपंच सहित सभी पंचों ने श्री साहू का पहंडोर स्थानांतरण करने पर सामूहिक इस्तीफा की चेतावनी दी है।

उन्होंने मामले में जिला पंचायत पहुंचकर सीईओ को ज्ञापन भी सौंपा है इसमें उनकी पहंडोर ग्राम पंचायत में स्थानांतरण रोकने मांग की गई है। ग्राम पंचायत पतोरा से स्थानांतरित किए गए पंचायत सचिव महेंद्र साहू का पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा विरोध पीछा नहीं छोड़ रहा है। पतोरा में विरोध के बाद उनका तबादला ग्राम पंचायत पहंडोर  में किया गया है, लेकिन यहां भी ग्रामीणों ने उनके प्रभार लेने से पहले ही विरोध शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार पतोरा ग्राम पंचायत में पदस्थ रहते हुए महेंद्र साहू के खिलाफ ग्रामीणों ने नाराजगी जताई थी और पंचायत में तालाबंदी तक की चेतावनी दी थी। इसके बाद प्रशासन ने उनका स्थानांतरण पहंडोर ग्राम पंचायत में कर दिया है। अब पहंडोर के ग्रामीणों ने भी महेंद्र साहू का विरोध करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपकर वर्तमान में कार्यरत सचिव को ही यथावत रखने मांग की है।

ग्राम पंचायत की सरपंच माया गजेंद्र मढ़रिया सहित पंचों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि श्री साहू जहां-जहां पदस्थ रहे हैं, वहां वे विवादों में घिरे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के सुचारू संचालन और विकास कार्यों की निरंतरता के लिए ऐसे सचिव की आवश्यकता है, जो पारदर्शी और विवादमुक्त कार्यशैली अपनाए।
पतोरा से हटने खुद दो बार दिया आवेदन - महेन्द्र
इधर ग्राम पंचायत सचिव महेन्द्र साहू का कहना है कि ग्राम पंचायत पतोरा से हटने उन्होंने खुद दो बार आवेदन दिया था तब सरपंच ने स्वयं रुकवाया था अब प्रशासनिक आदेश के अनुसार वे सोमवार को ग्राम पंचायत पहंडोर में अपनी उपस्थिति देंगे।
 


अन्य पोस्ट