दुर्ग
जेल तिराहा से मिनीमाता चौक तक बनाया जाएगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 फरवरी। दुर्ग शहर के भीतर दूसरा फोरलेन बनेगा। जेल तिराहा से मिनीमाता चौक तक 4073.10 लाख की लागत से यह फोरलेन बनाया जाएगा। इसका भूमिपूजन केबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने महापौर अलका बाघमार एवं अन्य जनप्रतिििनधयों की मौजूदगी में किया गया।
भूमिपूजन के अवसर पर महाराजा चौक पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को दुर्ग शहर के भीतर दूसरे फोरलेन सडक़ निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस फोरलेन सडक़ की लंबाई 4.75 किलोमीटर होगी। भविष्य और भी विकास कार्य को देखते हुए यूटिलिटी शिफ्टिंग (बिजली खम्भे, पेयजल पाइपलाइन को व्यवस्थित किया जाएगा ताकी भविष्य में विकास कार्य में बाधा न आए) का कार्य भी किया जाएगा। इस सडक़ के बन जाने से शहर की बड़ी आबादी को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। लोगों को सुरक्षित, सुगम और तेज आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। यह सडक़ दुर्ग शहर के यातायात तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए विकास के वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम है। भाजपा सरकार शहर के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। दुर्ग की जनता का भाजपा के प्रति स्नेह, विश्वास और सहयोग ही दुर्ग शहर को निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर कर रहा है।
कार्यक्रम को महापौर अलका बाघमार, जिला भाजपाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक तथा सभापति श्याम शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एमआईसी सदस्य, पार्षद, जनप्रतिनिधि व स्थानीय नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन पार्षद साजन जोसफ तथा आभार प्रदर्शन लीलाधर पाल ने किया।


