दुर्ग
दुर्ग, 17 फरवरी। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत संचालनालय ने जिला पंचायत दुर्ग और उसके अधीनस्थ जनपद पंचायतों में हो रही कथित अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में संचालक, पंचायत संचालनालय द्वारा कलेक्टर, जिला दुर्ग को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है। मामले में जनपद पंचायत दुर्ग के जनपद सदस्य ढालेश साहू ने प्रमुख सचिव पंचायत व ग्रामीण विकास विभाग को शिकायत कर उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच की मांग की थी।
शिकायत में श्री साहू ने जिला पंचायत दुर्ग एवं अधीनस्थ जनपद पंचायतों में वित्तीय प्रबंधन, निर्णय प्रक्रिया, योजना निर्माण एवं कार्यान्वयन में व्याप्त अनियमितताओं, भेदभाव, अपारदर्शिता तथा निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधिकारों के हनन आदि जैसे अनेक गंभीर आरोप लगाए गए हैं। संचालनालय ने कलेक्टर को निर्देशित किया है कि उक्त शिकायत में उल्लेखित तथ्यों की सूक्ष्म जांच कराई जाए। जांच के पश्चात तैयार प्रतिवेदन के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित करने कहा है। जनपद सदस्य ढालेश साहू का कहना हैं कि पंचायत संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि की गई कार्यवाही से विभाग और आवेदक दोनों को अवगत कराया जाना अनिवार्य है।
इस कदम से स्थानीय प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही तय होने की उम्मीद है।


