दुर्ग

पुलवामा हमले की सातवीं बरसी, मचांदुर में श्रद्धांजलि सभा
17-Feb-2026 3:12 PM
 पुलवामा हमले की सातवीं बरसी, मचांदुर में श्रद्धांजलि सभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 17 फरवरी। मचांदुर के मुख्य चौक में पुलवामा हमले की सातवीं बरसी पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। ज्ञात हो कि वर्ष 2019 में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 40 जवान शहीद हो गए थे।

कार्यक्रम में भाजपा उतई मंडल महामंत्री प्रवीण कुमार यदु ने हमले को देश के इतिहास की काली घटना बताते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ग्रामीणों से शहीदों के बलिदान को याद रखने और राष्ट्र की एकता बनाए रखने का आह्वान किया।

पूर्व उपसरपंच महेश साहू ने भी शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग और साहस को स्मरण किया। सेवा सहकारी समिति मचांदुर के प्राधिकृत अध्यक्ष फलेन्द्र सिंह राजपूत ने देश सेवा और अनुशासन के महत्व पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। युवाओं ने देशभक्ति गीत, कविताएं और भाषण प्रस्तुत किए तथा चौक परिसर में दीप प्रज्वलित किए। इस अवसर पर ग्रामीणों ने स्वच्छता कर्मचारी झेरयारनी निषाद का नारियल और शॉल भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में गांव के जनप्रतिनिधि, युवा और अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट