दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 फरवरी। आज की तिथि में गत वर्ष के मुकाबले जारी रबी सीजन में ऋण वितरण कम हुआ है।
जारी रबी वर्ष 2025-26 में 485 करोड़ रुपए के ऋण वितरण का लक्ष्य है। इसके विरुद्ध जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग अंतर्गत बालोद दुर्ग एवं बेमेतरा जिले के किसानों को अब तक 363 करोड़ 85 लाख 67 हजार रुपए का ऋण वितरण हो चुका है जबकि गत रबी वर्ष में इसी अवधि तक 371 करोड़ 77 लाख 12 हजार रुपए का ऋण वितरण हो चुका था।
जानकारी के अनुसार नगद ऋण वितरण तो अभी से लक्ष्य से अधिक हो चुका है रबी 2025-26 में जिला सहकारी बैंक दुर्ग अंतर्गत बालोद, दुर्ग एवं बेमेतरा जिले के किसानों को नगद 291 करोड़ रुपए वितरण का लक्ष्य था, इसके विरुद्ध अभी से ही 310 करोड़ 73 लाख 73 हजार रुपए का नगद ऋण वितरण हो चुका है जो कि प्राप्त लक्ष्य का लगभग 107 प्रतिशत है। वहीं सामग्री के रूप में 194 करोड़ रुपए का वितरण किया जाना था। इसके विरुद्ध मात्र 53 करोड़ 11 लाख 94 हजार का ऋण वितरण हुआ है जो कि कुल लक्ष्य का केवल 27 प्रतिशत है।
दुर्ग जिले में रबी वर्ष 2025-26 में कुल 125 करोड़ रुपए की ऋण वितरण का लक्ष्य है, इनमें 75 करोड़ नगद एवं 50 करोड़ रुपए सामग्री के रूप में वितरण किया जाना है। इसके विरुद्ध अब तक कुल 83 करोड़ 19 लाख 24 हजार रुपए का ऋण वितरण हुआ है जबकि गत वर्ष आज की तिथि में जिले में 84 करोड़ 39 लाख 28 हजार रुपए का ऋण वितरण हो चुका था अर्थात 1 करोड़ 20 लाख रुपए का अधिक ऋण वितरण हो चुका था।


