दुर्ग
भिलाई नगर, 14 फरवरी। नेशनल हाईवे पर कल रात सड़क हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा रायपुर से भिलाई आते समय चरोदा जीआरपी चौकी के पास रात करीब पौने 11 बजे के बीच हुआ।
इस सड़क हादसे में 27 वर्षीय गूंजा चतुर्वेदी निवासी सुभाष मार्केट जोन-2 वार्ड 31 बापू नगर खुर्सीपर की मौत हो गई है। 41 वर्षीय दीपक मोंगराज गंभीर रूप से घायल है जो कि उड़िया मोहल्ला वार्ड 33 खुर्सीपार भिलाई निवासी है। जिला अस्पताल में भर्ती युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार युवक-युवती रायपुर से भिलाई आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हुआ। एक ट्रक ने बाइक सवार युवक-युवती को चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना पुरानी भिलाई थाना को मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


