दुर्ग

वैलेंटाइन डे पर रहेगी पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था
14-Feb-2026 8:46 PM
वैलेंटाइन डे पर रहेगी पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 फरवरी।
वैलेंटाइन डे पर जिले में पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसके लिए एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पांच नगर पुलिस अधीक्षक एवं 30 थाना प्रभारी की ड्यूटी निर्धारित की गई है। 33 अतिरिक्त पेट्रोलियम पार्टियां एवं 21 फिक्स पॉइंट स्थापित किए गए हैं। महिला सुरक्षा टीम को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया जाएगा।

14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के अवसर पर जिला दुर्ग में कानून व्यवस्था बनाए रखने,असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी जाएगी। इसके लिए पूरे जिले में पर्यवेक्षण के लिए एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पांच नगर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस थाना प्रभारी को उनके अपने क्षेत्र में विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी राजपत्रित अधिकारी अपने अपने अनुभाग में निरंतर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे।जिले के विभिन्न थाना- चौकी क्षेत्र में 33 अतिरिक्त पेट्रोलिंग पार्टियां  तैनात की गई है जो पार्क, गार्डन, मॉल, प्रमुख बाजार, पर्यटन स्थल एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थान पर सतत गश्त करेंगी।
इसके अलावा 21 प्रमुख स्थानों पर फिक्स पॉइंट ड्यूटी लगाई गई है। यातायात शाखा द्वारा प्रमुख चौक चौराहों पर अतिरिक्त बल लगाकर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना बनाई गई है। सभी थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, हुड़दंग  अथवा कानून व्यवस्था भंग करने के प्रयास पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करें। जिला पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थलों पर शांति एवं मर्यादा बनाए रखें। किसी भी संदेही गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दे। किसी भी तरह का कानून तोडऩे वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट