दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 13 फरवरी। सतनाम समिति रिसाली के तत्वावधान में रविवार को सतनाम भवन, रिसाली में राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग, बेमेतरा, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी सहित अन्य जिलों से युवक-युवतियां शामिल हुए और अपना बायोडाटा प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर थे। अध्यक्षता अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने की। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ललित चंद्राकर ने कहा कि इस प्रकार के परिचय सम्मेलन से समाज के लोगों को एक मंच पर संवाद का अवसर मिलता है तथा वैवाहिक संबंधों के लिए आवश्यक जानकारी साझा करने में सुविधा होती है। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में 23 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया, जिनमें 15 युवतियां और 8 युवक शामिल रहे। प्रतिभागियों ने मंच के माध्यम से अपना परिचय दिया।
कार्यक्रम स्थल पर नेहरू नगर भिलाई की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया, जिसमें विभिन्न स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई।
इस अवसर पर अतिथियों का सम्मान किया गया तथा सामाजिक, शैक्षणिक एवं अन्य क्षेत्रों में कार्य करने वाले कुछ व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, समाज के सदस्य एवं आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।


